गाजीपुर। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय मतदान बुधवार को संपन्न हो गया। दोनों दिनों में 1518 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। पहले दिन मंगलवार को 590 और बुधवार को 928 मतदाताओं ने मतदान किया। इस दौरान जिला जज धर्मेंद्र पांडेय ने निरीक्षण किया। अपर जिला जज शक्ति सिंह ने बताया कि जिन अधिवक्ताओं को चलने-फिरने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत थी, उनके लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी। पीने के पानी की व्यवस्था भी मतदाताओं के लिए अलग से की गई थी।
मतदान करने वाले प्रत्येक मतदाता को अपने मत का प्रयोग करने के लिए प्रमाण पत्र /परिचय पत्र प्रस्तुत करने पर ही प्रवेश की अनुमति दी गई। मतदान स्थल में केवल उन्हीं मतदाताओं को प्रवेश की अनुमति थी, जिनका नाम मतदाता सूची में था। पहले दिन के चुनाव में कुल 590 मतदाताओं ने एवं दूसरे दिन कुल 928 मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया। चुनाव के दौरान अधिवक्ताओं की भारी भीड़ एवं लंबी कतार को देखते हुए बूथों की संख्या बढ़ाकर चुनावी प्रक्रिया को सुचारु एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया। पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने भी मतदान स्थल पर का भ्रमण किया। चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराने में न्यायालय कर्मियों में जयप्रकाश राम, मदन यादव, दीपांकर विश्वास, अनुराग श्रीवास्तव, मनोज सिंह, भूपेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।