गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बूथों का निरीक्षण किया।
जखनिया विधानसभा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय मदरा जखनिया, प्राथमिक विद्यालय मदरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय पदुमपुर जखनिया में बनाए गए बूथों का जायजा लिया। प्राथमिक विद्यालय पदुमपुर में विद्यालय में बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता को देखा और स्वयं बच्चों को पढ़वाकर परखा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ से कहा कि दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 27 अक्तूबर से नौ दिसंबर तक है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी 2024 को किया जाएगा। जिन छात्र-छात्राओं या अन्य की उम्र एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही हो वे भी वोटर लिस्ट में अपना नाम शामिल करा सकते हैं।
इस कार्य में निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन अवश्य किया जाए, इसमे किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। किसी भी मतदेय स्थल पर फार्म छह, सात, आठ और आठ ए की कमी नहीं होनी चाहिए। सुपरवाइजर मतदेय स्थलों का निरंतर स्थलीय निरीक्षण करें। अगर कहीं भी बूथ पर फार्म की कमी हो तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी-उप जिलाधिकारी एवं जिला कार्यालय से समन्वय कर पूरा कराएं। सुपरवाइजर पहली बार निर्वाचक नामावली का कार्य करने वाले बीएलओ के कार्यों पर विशेष ध्यान रखें।