सीबीआई को स्वतंत्र एजेंसी बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई एजेंसी किसी प्रदेश में जांच के लिए जाती है तो वहां की सरकार की जिम्मेदारी होती है कि वह सहयोग करे, न कि असहयोग। प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर पूछे गए सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वर्तमान सरकार में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगा है।
सपा सरकार के समय दंगे होते थे, कर्फ्यू लगते थे और आमजन को भारी नुकसान उठाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में नए वर्ष के दौरान न तो कहीं दंगे हुए और न ही कर्फ्यू लगा। यदि कहीं कोई अपराध होता भी है तो पुलिस पूरी मुस्तैदी से अपराधियों के पीछे लग जाती है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि वास्तविक अपराधियों के खिलाफ ही सख्त कार्रवाई की जाए और 24 से 48 घंटे के भीतर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
मायावती और डिंपल यादव के जन्मदिन पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि बसपा सुप्रीमो ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी अगला चुनाव अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जब-जब बसपा ने गठबंधन किया है, पार्टी को नुकसान हुआ है। यह उनकी स्वतंत्र पार्टी है और उन्हें अपने फैसले लेने का पूरा अधिकार है। इस अवसर पर ओमप्रकाश राजभर ने मायावती और डिंपल यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।