सिंगापुर प्राथमिक विद्यालय में उप प्रधानमंत्री पद के विजेता दिव्यांशु यादव ने प्रमाण पत्र देते
खानपुर। कंपोजिट विद्यालय सिंगारपुर में बाल संसद के गठन के लिए बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री एवं उप प्रधानमंत्री पद के लिए बैलेट पेपर से मतदान कराया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानमंत्री पद के चुनाव में कक्षा सात के ओंकार राजभर ने कुल 100 में से 61 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। वहीं उप प्रधानमंत्री पद पर कक्षा छह के दिव्यांशु यादव ने 57 मत हासिल कर विजय प्राप्त की।
निर्वाचन से पहले बच्चों को मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्हें मतदाता सूची का महत्व, मतदान केंद्र पर मतदान करने की विधि, बैलेट पेपर पर गोपनीय तरीके से मत अंकित करने, मतपेटी में मतपत्र डालने तथा मतगणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अभ्यास के माध्यम से बच्चों ने लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव, मताधिकार के महत्व और जिम्मेदार नागरिक बनने के मूल्यों को व्यावहारिक रूप से समझा। इसके बाद 10 विभागीय मंत्रियों के रूप में अंजली राजभर, ज्योति वर्मा, अंकिता गोंड, अंशिका, अनन्या सिंह, करन, शांतनु, अंकुश, अंशी और मोहिनी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। प्रधानाध्यापक कैलाश प्रसाद ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि बाल संसद बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करती है। इस अवसर पर शिक्षक प्राणनाथ यादव, विनोद यादव, अभिषेक, अविनाश, राहुल, नरेंद्र, दिनेश आदि उपस्थित रहे। निर्वाचन प्रक्रिया में पंचायत सहायक रविकांत यादव ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई।