दुबिहां। आखिरकार अमर उजाला टीम के प्रयास ने सियाड़ी और उसके आसपास के दर्जनभर से अधिक गांव के हजारों लोगों को राहत देने का काम किया। 2 जुलाई को अमर उजाला में भांवरकोल ब्लाक के तहत आने वाले इस ग्राम पंचायत को बहुआरा से जोड़ती सड़क की जर्जर स्थिति और अफसरों तथा जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। इसका असर यह हुआ कि हजारों लोगों की मुश्किलों के प्रति आंख बंद किए लोकनिर्माण विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए और उन्होंने अब आनन-फानन में ईंट के मलबे से सड़क को पाटने का प्रयास शुरू कर दिया।
बहुआरा-सियाड़ी मार्ग आसपास के गांवों के अलावा भरौली-बक्सर को जोड़ने के काम में भी आता है। यह मार्ग बक्सर तक की दूरी तय करने वाले लोगों की कम से कम 5 से 7 किमी की लंबी दूरी को कम कर देता है लेकिन दर्जनों गांवों के लिए सहूलियत बहुआरा-सियाड़ी मार्ग की मरम्मत और उसकी देखरेख के प्रति लोक निर्माण विभाग की सालों से उपेक्षा रही है। बरसात में सड़क के गड्ढों में जहां हादसों की बाढ़ आ जाती है। वहीं, रास्ता लोगों के आवागमन लायक भी नहीं रह जाता लेकिन मामले का खुलासा होने के बाद लोक निर्माण विभाग के द्वारा ट्रैक्टर-ट्राली के सहारे इस मार्ग पर ईंट का मलबा गिराने का काम शुरू कर दिया गया है। ताकि बरसात में इलाके के लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की मुश्किलों का सामना न करना पड़े।