Ghazipur News: गाजीपुर जिले में तिहरे हत्याकांड के आरोपी लखन उर्फ विकास सिंह के खिलाफ पुलिस ने एनएसए की कार्रवाई की है। हत्यारोपी विकास और अमित सिंह वर्तमान में जिला कारागार में निरुद्ध हैं।
गाजीपुर जिले के गहमर कोतवाली खेलू राय पट्टी में 24 दिसंबर 2025 को हुए तिहरे हत्याकांड के आरोपी लखन उर्फ विकास सिंह के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) की कार्रवाई की है।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
एएसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने कहा कि गहमर कोतवाली क्षेत्र के खेलू राय पट्टी में स्थित तालाब के पास तीन युवकों विक्की सिंह, सौरभ सिंह और अंकित सिंह की हत्यारोपियों ने बांका व धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी खेलू राय पट्टी निवासी ओम सिंह को पुलिस ने 27 दिसंबर 2025 मुठभेड़ में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया था।
जबकि अन्य आरोपी अमन सिंह व अरविंद सिंह उर्फ भदाकू को पुलिस ने एक जनवरी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। शेष हत्यारोपी गहमर निवासी अभिषेक सिंह, अमरजीत सिंह, कृपेंद्र शंकर सिंह उर्फ नीरज, शैलेश सिंह, अंजनी सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
विज्ञापन
हत्यारोपी लखन उर्फ विकास सिंह और अमित सिंह वर्तमान में जिला कारागार में निरुद्ध हैं। एएसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि हत्यारोपी लखन उर्फ विकास सिंह के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) की धारा 3 की उप धारा (2) के तहत कठोर कार्रवाई की गई है।