गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का तीसरा शिविर गंगा स्वच्छता जागरूकता पर केंद्रित रहा। इस अवसर पर छात्राओं ने रैली निकाली। प्रभारी प्राचार्य एवं वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखलाक खान ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली आमघाट, कोयलाघाट, ददरीघाट, मियांपुरा होते हुए कलेक्टर घाट पहुंची। रैली में शामिल छात्राएं अब हमने यह ठाना है गंगा को बचाना है, गंगा बचाओ - जीवन बचाओ, प्रकृति की करती है रक्षा चलो हम करें मां गंगा की सुरक्षा, गंगा देश का मान बढ़ाती दुनिया में हमें पहचान दिलाती आदि नारे लगा रही थीं।
कार्यक्रम स्थल कलेक्टर घाट पहुंचकर छात्राओं ने वृहद सफाई अभियान चलाया। इसके बाद 20-20 की टोलियों में बंटकर छात्राओं ने मियांपुरा, नवापुरा, ददरीघाट, कोयलाघाट, सैयदबाड़ा, नियाजी मुहल्ला में घर-घर जाकर मां गंगा को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को जागरूक किया। इसके बाद महाविद्यालय पहुंचकर स्वयंसेवी छात्राओं ने परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सारिका सिंह, डॉ. अमित यादव, डॉ. संगीता आदि मौजदू रहीं।