सिटी रेलवे स्टेशन पर अब ट्रेन का इंतजार करना खलेगा नहीं। क्योंकि परिसर में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध हो गई है। हालांकि फिलहाल इसे अस्थायी तौर पर शुरू किया गया है,
लेकिन आने वाले दिनों में इसका लाभ पूरी तरह से मिलने लगेगा। बुधवार को रेल-टेल के महाप्रबंधक डीके सिंह ने निरीक्षण कर वाई-फाई के लिए लगाए गए उपकरणों के संबंध में जानकारी हासिल कर सुविधाओं का जायजा लिया।
वर्ष 1996 में छोटी लाइन से बड़ी लाइन में तब्दील सिटी रेलवे स्टेशन के अच्छे दिन आ गए हैं। रेलवे की ओर से जिले में कई विकास कार्य कराए जाने हैं।
यात्री सुविधाओं के विस्तार केे क्रम में वर्तमान समय में स्टेशन पर प्लेटफार्म का विस्तारीकरण और वीआईपी हाल का निर्माण का काम जोरशोर से चल रहा है।
इसके अलावा एस्कलेटर, एटीवीएम, वाशिंग पिट, बुकिंग कार्यालय आदि का निर्माण आने वाले समय में कराया जाना हैै।
स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में स्टेशन को वाई-फाई से लैस करने के लिए सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।
रेल-टेल की तरफ से एंटीना लगाने के साथ वाई-फाई से संबंधित अन्य उपकरण लगा दिए गए हैं। हालांकि अभी इसे पूरी तरह से चालू नहीं किया गया है।
बुधवार को रेल-टेल लखनऊ के महाप्रबंधक डीके सिंह ने निरीक्षण कर वाई-फाई के लिए लगाए गए उपकरणों को देखा।
इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि वाराणसी के बाद गाजीपुर में यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जल्द ही इस सुविधा का शुभारंभ किया जाएगा।
अस्थायी तौर पर चालू की गई सुविधा का लाभ स्टेशन पर आने वाले यात्री उठाने लगे हैं। ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर मौजूद कई यात्री जहां मोबाइल पर सुविधा का लाभ उठाते दिखे।