डाकघर में बिक्री के लिए रखा गया सैनिटाइजर..।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। गंगोत्री के पवित्र गंगा जल और एलईडी बल्ब की बिक्री के बाद अब डाक विभाग की ओर से सैनिटाइजर विक्रय के लिए उपलब्ध कराया गया है। तीन भारवर्गों में यह बिक्री के लिए उपलब्ध है। सबसे कम कीमत का सैनिटाइजर 30 रुपये एवं अधिक भारवर्ग के सैनिटाइजर की बिक्री 105 रुपये में स्थानीय प्रधान डाकघर से की जा रही है।
उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डाक विभाग की ओर से समय-समय पर प्रयास किया जाता रहा है। इसके साथ ही विभाग की ओर से विभिन्न सामग्रियों की बिक्री भी की जाती रही है। गंगोत्री के पवित्र गंगाजल के साथ ही एलईडी बल्ब की बिक्री की जा रही है। 250 एमएल की गंगाजल की शीशी की कीमत 30 रुपये निर्धारित है। इसके अलावा सात एवं नौ वाट के एलईडी बल्ब की भी बिक्री की जा रही है। कोरोना के कहर के चलते सैनिटाइजर की मांग बढ़ने के कारण अब डाक विभाग उपभोक्ताओं के लिए सैनिटाइजर लेकर आया है। मेघदूत नाम से उपलब्ध सैनिटाइजर तीन भार वर्गों में बिक्री के लिए उपलब्ध है। इसमें 60 एमएल का सैनिटाइजर 30 रुपये, 100 एमएल 50 रुपये तथा 210 एमएल के सैनिटाइजर का मूल्य 105 रुपये निर्धारित है। इस संबंध में डाकपाल ने बताया कि उपभोक्ताओं की ओर से इसकी खरीददारी की जा रही है। विभिन्न भार वर्गों में यह उपलब्ध है।