गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र के चर्चित तिहरे हत्याकांड में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने बुधवार को मुनादी कराई। साथ ही आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा की गई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीते वर्ष 24 दिसंबर काे गहमर गांव में हुए तीन युवकों की नृशंस हत्या के नामजद आरोपी अमित सिंह निवासी गहमर पट्टी खेलू राय लंबे समय से फरार चल रहा है। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
उन्होंने बताया कि आरोपी के लगातार फरार रहने और न्यायालय में उपस्थित न होने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गाजीपुर द्वारा 20 अप्रैल को बीएनएसएस की धारा 84(1) के तहत उद्घोषणा जारी की गई थी। इसी के अनुपालन में बुधवार को पुलिस टीम ने आरोपी के घर सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर नोटिस चस्पा किया और ढोल-नगाड़े के साथ मुनादी कराकर शीघ्र न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, दंगा, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। एसओ का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। यदि वह शीघ्र न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है तो आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।