सुहवल। थाना पुलिस ने स्थानीय गांव में काफी दिनों से एससी-एसटी और अन्य मामलों में फरार चल रहे आरोपी की न्यायालय में उपस्थिति के लिए धारा 82 की उद्घोषणा करते हुए उसके घर एवं विभिन्न सार्वजनिक जगहों पर नोटिस चस्पा कर दी। इसके बाद से ही उसके परिजनों एवं गांव में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय गांव के सुनील पांडेय पर बीते 2003 में हुई मारपीट के मामले में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इस मामले में न्यायालय द्वारा कई बार उसे नोटिस जारी की गई थी। बावजूद इसके आरोपी न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने कहा कि न्यायालय द्वारा जारी नोटिस को तामिला कराने के साथ ही चस्पा करा दिया गया है।