रेवतीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने मिशन शक्ति (नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन) के तहत शुक्रवार को एंटी रोमियो टीम ने क्षेत्र के विभिन्न कस्बों, हाइवे, कोचिंग सेंटर, रेलवे स्टेशन, बैंक सहित सार्वजनिक जगहों महिलाओं को जागरूक किया। एंटी रोमियो अभियान के इस क्रम के चलते लोगों में हड़कंप मच गया।
टीम के द्वारा इस दौरान बेवजह घूम रहे 11 लोगों को नोटिस जारी कर उन्हें कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया। एंटी रोमियों टीम की प्रभारी सपना सिंह और अन्नू पटेल ने बताया कि महिलाओं-बालिकाओं से संबंधित अपराधों पर रोकथाम लगाने एवं उनको सुरक्षित परिवेश की अनुभूति कराने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया। इसमें 11 लोगों को नोटिस जारी करने के साथ ही कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि मनचलों-शोहदों द्वारा छेड़छाड़ और महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के दृष्टिगत निगरानी करते हुए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान एंटी रोमियो टीम के प्रभारी ने महिलाओं, युवतियों का आह्वान किया कि किसी तरह के उनके साथ होने वाले उत्पीड़न के दौरान बिना झिझक और निडरता के साथ सामना करें। साथ ही हेल्पलाइन-1090, यूपी-112, 1098, 181, 1076 पर शिकायत तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। मनचलों को कानूनी शिकंजे में कसा जा सके। एंटी रोमियों टीम की सपना सिंह एवं अन्नू पटेल ने बताया कि अभियान के तहत विशेष रूप से पूरे दिन मनचलों पर नजर रखी जा रही है।
टीम ने मनचलों को चेताया कि किसी तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यही नहीं अश्लील फब्तियां करने वाले मनचलों की पहचान करने एवं सबक सिखाने को लेकर सिविल ड्रेस में भी एंटी रोमियो की टीम विभिन्न जगहों पर भ्रमण कर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि एंटी रोमियो के साथ-साथ गरुड़ दल चोर उचक्के एवं अराजकतत्व पर नजर रखे हुए हैं।