गाजीपुर। जिले में लॉक डाउन का पूरी तरह से पालन नहीं किया जा रहा है। सबसे खराब स्थिति इस समय ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई दे रही है। सुबह, शाम बाजार खुलने लगे हैं इसमें वह भी दुकानें शामिल है जिन पर रोक लगाई गई है। नियमों का उल्लंघन कर शाम के समय बाजारों में छिटपुट दुकानें खोली जा रही है। सड़कों पर लोग समूह में टहलते दिखाई दे रहे हैं। ग्यारह बजे के बाद ही सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दे रहा है। इधर अधिकारी भ्रमण कर सख्ती करने में लगे हैं।
शहर के गोराबाजार, लंका, मिश्रबाजार, रौजा तथा सट्टी आदि क्षेत्रों में सुबह खरीददारी के लिए भीड़ उमड़ रही है जहां सामाजिक दूरी का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। कई बार बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने समय से पहले ही बाजार बंद भी करा दिया लेकिन अगले ही दिन फिर इसी प्रकार की स्थिति हो जा रही है। औड़िहार : स्थानीय तथा आसपास के बाजार सुबह खुल जा रहे हैं। लोगों की भीड़ की वजह से नियमों का उल्लंघन होता दिख जा रहा है। इधर ग्रामीण क्षेत्रों की चट्टियों पर शाम को भी चाय, समोसा की दुकानें खुलने लगी है। चाट पकौड़ी के ठेले भी गांवों की गलियों में घूमने लगे हैं। सेवराई संवाददाता के अनुसार भदौरा बाजार में भीड़ बढ़ जाने के कारण उसे बंद करवा दिया गया। लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न कर और बार-बार मनाही के बावजूद लाकडाउन तोड़ने एवं गैर जरूरी दुकानों को खोल रहे हैं। भांवरकोल: सड़कों पर दिन भर सन्नाटा पसरा रह रहा है। सुबह सब्जी की बाजार में भी चहल पहल हुई। राशन और दवा की छिटपुट दुकानें शाम के समय खुली देखी गई।