जमानियां। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव एवं नगर में लगातार कोविड वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके साथ ही कोविड की जांच भी की जा रही है। बृहस्पतिवार को निकली दस टीमों ने 295 लोगों को वैक्सीन लगाई। वहीं दो गांव ऐसे हैं जहां किसी ने वैक्सीन नहीं लगवाई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में वैक्सीनेशन और कोविड जांच के लिए दस टीमों का गठन किया गया है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानियां बेटाबर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरूईन पर भी वैक्सीनेशन एवं कोविड जांच का कार्य किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को डुहिया में 20, ढढनी भानमल राय में 21, पाह सैयदराजा में 38, मथारा में 31, जदीशपुर में 11, सेानहरिया में 20, उमरगंज में 9, शाहपुर लठिया में 11 तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानियां पर 117, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरूईन में 10 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। दो गांव पीएचसी बेटाबर कूसी और बडेसर में किसी ने वैक्सीन नहीं लगवाया। स्वास्थ्य कर्मियों के मुताबिक गांव में ग्राम प्रधान लेखपाल और सचिव द्वारा सहयोग नहीं किया गया। हालांकि कूसी और पीएचसी बेटाबर में कोविड की जांच हुई। तीसरी लहर खतरनाक है और वैक्सीनेशन के साथ कोविड प्रोटोकॉल ही मात्र बचाव का उपाय। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ रूद्रकांत सिंह लगातार लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील कर रहे है लेकिन इसका लाभ होता नजर नहीं आ रहा है।