गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद जिले में 120 विद्यालय ऐसे हैं जहां कक्षा एक और छह में एक भी नए छात्र का प्रवेश नहीं हुआ है। यही नहीं 547 ऐसे विद्यालय हैं जहां पांच से कम नामांकन हुआ है। इसको बेसिक शिक्षा अधिकारी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और खंड शिक्षा अधिकारियों को नए छात्रों का नामांकन जल्द सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जिले में 2266 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इसमें 1462 प्राथमिक, 350 उच्च प्राथमिक और 454 कंपोजिट विद्यालय हैं। चालू सत्र में 63 हजार नए छात्रों के नामांकन का लक्ष्य रखा गया है। विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन और ठहराव सुनिश्चित करने के लिए बीते कई वर्षों से स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है।
इसके बावजूद इनमें पढ़ने वाले बच्चों की संख्या में उस अनुपात में वृद्धि नहीं हो रही है। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए पहले चरण में एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्कूल चलो अभियान चलाया गया। अप्रैल बीतने के बावजूद 120 विद्यालय ऐसे हैं जहां कक्षा एक और छह में एक भी नए छात्र का प्रवेश नहीं हुआ है।
इसके साथ ही 547 ऐसे स्कूल हैं जहां पांच से कम बच्चों का नामांकन हुआ है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने इसको गंभीरता से लिया है।
उन्होंने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और खंड शिक्षा अधिकारियों से नाराजगी जाहिर करते हुए दो दिनों के भीतर नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में नए छात्रों का प्रवेश नहीं होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।