गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के बौरी मोड़ से पुलिस टीम ने शनिवार को लूट के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनसे दो बाइक, मोबाइल और असलहा बरामद हुआ।
एसपी रामबदन सिंह ने पत्रकारों को बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत नोनहरा के थानाध्यक्ष विष्णु प्रताप गौतम पुलिस टीम के साथ भ्रमण कर रहे थे। 12 फरवरी को एक व्यक्ति से बाइक और पर्स की लूट हुई थी। मुखबिर की सूचना पर उन्होंने इस लूट में शामिल होने के आरोप में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। उन्होंने अपना नाम पहाड़पुर गांव निवासी दीपू यादव उर्फ बीरबहादूर, महेशपुर गांव निवासी आनंद यादव उर्फ सौरभ, शिवेक यादव और बौरी गांव निवासी अभिनंदन सिंह बताया। तलाशी लेने पर उनसे दो बाइक, पांच मोबाइल, दो तमंचे और दो कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, कांस्टेबल प्रशांत कनौजिया, कांस्टेबल सोनू, कांस्टेबल धीरज सिंह, कांस्टेबल अक्षय कुमार, कांस्टेबल दिनेश यादव और कांस्टेबल आदर्श यादव शामिल थे।