पंचायत चुनाव के दूसरे दौर में ग्राम पंचायत के प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से शनिवार को अधिसूचना जारी कर दी गई। चार चरणों में कराए जाने वाले इस चुनाव में आयोग ने मतदान के समय में बदलाव किया है।
त्रिस्तरीय पंचायत के तहत क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव पिछले दिनों संपन्न हो चुका है। अब दूसरे दौर में ग्राम पंचायत के प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव कराया जाना है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई। ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य के लिए पहले चरण के चुनाव के लिए 16 एवं 17 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन का कार्य होगा। 18 एवं 19 को नामांकन पत्रों की जांच, 20 को नाम वापसी एवं उसी दिन प्रतीक चिन्ह का आवंटित किया जाएगा।
पहले चरण के लिए मतदान 28 नवंबर को होगा। दूसरे चरण के लिए 19 एवं 20 नवंबर को नामांकन, 21 एवं 22 को नामांकन पत्रों की जांच तथा 23 नवंबर को नाम वापसी के बाद उसी दिन प्रतीक चिन्ह आवंटित किया जाएगा।
इस चरण का मतदान पहली दिसंबर को होगा। तीसरे चरण में 21 एवं 23 को नामांकन एवं 24 और 26 को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 27 को नाम वापसी और प्रतीक चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। तीसरे चरण में पांच दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। चौथे और अंतिम चरण में 27 और 28 नवंबर को नामांकन का कार्य होगा। 29 एवं 30 को नामंकन पत्रों की जांच तथा पहली दिसंबर को नाम वापसी एवं प्रतीक चिन्ह का आवंटन होगा। इस चरण का मतदान 9 दिसंबर को होगा। सभी चारों चरणों की मतगणना 12 दिसंबर को कराई जाएगी।