ग्राम पंचायत के प्रधान एवं सदस्य पद की खाली सीटों पर चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जिले के विभिन्न विकासखंडों में ग्राम पंचायत के प्रधान एवं सदस्य पद की खाली पड़ी सीटों के लिए उप चुनाव कराया जा रहा है। इसके तहत भांवरकोल ब्लाक के पलिया बुजुर्ग एवं मनिहारी के ग्राम पंचायत मनिहारी के प्रधान पद के लिए चुनाव होना है।
इसके साथ ही विभिन्न विकासखंडों सदर, करंडा, भदौरा, रेवतीपुर, मनिहारी, कासिमाबाद, भांवरकोल तथा सैदपुर की रिक्त 30 सीटों के लिए छह सिंतबर को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव के लिए 22 अगस्त को सुबह दस से शाम चार बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा किए जाएंगे।
नामांकन पत्रों की जांच 23 को सुबह 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की तिथि 24 अगस्त को सुबह 10 से दिन में तीन बजे तक तथा उसी दिन उसके बाद प्रतीक चिन्ह आवंटन किया जाएगा।
मतदान छह सितंबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक तथा मतगणना आठ को सुबह आठ बजे से कराई जाएगी। प्रधान एवं सदस्यों के नामांकन पत्र दाखिल करने, उसकी जांच, नाम वापस लेने, प्रतीक आवंटन तथा मतगणना का कार्य संबंधित विकासखंड मुख्यालय पर होगा। परिणाम की घोषणा भी संबंधित ब्लाकों पर की जाएगी।