संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। एसटीएफ की मदद से गाजीपुर पुलिस ने दूसरे की जगह सीटेट दिलवा रहे साल्वर गिरोह के सरगना सहित तीन को सैदपुर से गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ सैदपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सोमवार को बताया कि तीनों को सैदपुर थाने के नसीरपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया है। इसमें एसटीएफ का भी सहयोग रहा। पकड़े गए आरोपियों में अनुज कुमार यादव (सरगना) निवासी घाट पहाड़पुर गोड्डा नगर गोड्डा झारखंड, जमालुद्दीन खां निवासी उसिया थाना दिलदारनगर और राहुल कुमार निवासी गोराबाजार थाना कोतवाली हैं। अभियुक्तों के कब्जे से बाइक, प्रवेश पत्र, तीन मोबाइल फोन, 2330 रुपये, अन्य कागजात और फोटो बरामद किए गए।
एसपी के मुताबिक, अभियुक्तों ने राहुल कुमार के आधार कार्ड पर अजय कुमार (सॉल्वर) निवासी पचवाहा थाना कोरांव जनपद प्रयागराज की फोटो लगाकर इस्तेमाल किया। आर्थिक लाभ के लिए यह काम किया। अजय की तलाश की जा रही है।