जिले में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान 9 अक्तूबर
को कराया जाएगा। चार विकासखंडों में जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के
लिए होने वाले चुनाव का प्रचार बुधवार की शाम थम गया।
प्रचार थमते ही दावेदारों ने मतदाताओं के घर का रुख कर लिया।
जिले
में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव विकासखंडवार चार चरण में कराया जा रहा है।
पहले चरण में सैदपुर, सादात, जखनिया एवं मनिहारी विकासखंड में चुनाव कराया
जाना है।
सैदपुर में जिला पंचायत सदस्य पद की 5 एवं क्षेत्र
पंचायत सदस्य पद की 118, सादात में 3 एवं 107, जखनिया में 5 एवं 111 तथा
मनिहारी में जिला पंचायत सदस्य की 5 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 109 सीट
के लिए शुक्रवार को मतदान कराया जाएगा। इस चरण में इन चार ब्लाकों के 373
ग्राम पंचायतों एवं 54 न्याय पंचायतों के 6 लाख 85 हजार 355 मतदाता दोनों
पदों के 2865 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इसमें जिला पंचायत
सदस्य पद के 328 तथा सैदपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 655, सादात में
554, जखनिया में 742 तथा मनिहारी में 586 प्रत्याशी शामिल हैं।
इसके
लिए कुल 413 मतदान केन्द्र सैदपुर में 108, सादात 91, जखनिया 101 एवं
मनिहारी में 113 तथा कुल 1102 मतदान स्थलों में सैदपुर में 303, सादात 256,
जखनिया 263 तथा मनिहारी में 280 मतदान स्थल बनेंगे। इन सभी विकासखंडों में
सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा जो शाम 5 बजे तक चलेगा।
पंचायत
चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद का मतपत्र गुलाबी रंग का होगा जबकि
क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के मतपत्र का रंग नीला निर्धारित है। आयोग ने
निर्देश दिया है कि सदस्य क्षेत्र पंचायत और सदस्य जिला पंचायत के मतदान के
लिए प्रत्येक मतदान स्थल पर दो मतपेटिकाएं रखी जाएंगी।
एक मतपेटी सदस्य क्षेत्र पंचायत और दूसरी मतपेटी में सदस्य जिला पंचायत के मतपत्र डाले जाएंगे।