मरदह। पूरे इलाके में लॉकडाउन का पालन नहीं हो रहा है। खासकर बैंकों के बाहर और भीतर स्थिति और गंभीर बनी हुई है। मंगलवार को काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक बोगना, भड़सर, नसरतपुर, भोजापुर, मटेहु, सिगेंरा, पृथ्वीपुर में पैसे के लेन-देन को लेकर लोग सुबह से ही जुट गए थे और बैंक खुलते ही एकाएक भीड़ बेकाबू हो गई। कोरोना महामारी को लेकर चल रहे लॉकडाउन यहां तार-तार होता दिखाई दे रहा है। इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
मरदह थाना क्षेत्र के बोगना ग्राम सभा में स्थित काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक पर प्रतिदिन सुबह साढ़े दस बजे के करीब लेन-देन शुरू किया जाता है। उपभोक्ता सुबह छह बजे से ही शाखा पर आकर लाइन लगा लेते हैं। इससे ग्राहकों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। यहां लॉकडाउन का तनिक भी पालन भी नहीं हो रहा। काफी संख्या में गेट पर लगी भीड़ अपने मनमाने तरीके से एकत्रित हो जा रही है। यही नहीं बैंक के किसी कर्मचारियों के ऊपर लॉकडाउन का कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। बैंक के कर्मचारी अथवा पुलिस प्रशासन के ऊपर भी कोरोना जैसे वायरस को कोई भय नहीं दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में भड़सर, नसरतपुर, भोजापुर, मटेहु, सिगेंरा, पृथ्वीपुर शाखा पर पुलिस के मौजूदगी में खुलेआम सोसल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई जा रही है। बैंक भी समय से नहीं खुल रहे हैं। बैंक के बाहर गेट के सामने सुबह छह बजे से सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा हो रहे हैं।