राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चार टॉपर छात्राओं को मंच पर बुलाकर अपने बगल की सीटों पर बैठाया और उनसे बात भी की। छात्राओं ने उन्हें अपनी समस्याएं भी बताईं। उन्होंने कहा कि युवाओं ने 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इतना समर्थन दिया कि वे जनता द्वारा चुने गए पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने जो लंबे समय से काम कर रहे हैं। मोदी से पहले जितने भी पीएम हुए वो पहले पीएम बनें फिर सांसद। जबकि 2014 में मोदी पहले सांसद बने फिर पीएम चुने गए।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि 2013 में अमेरिका में उनसे भारत के घोटालों पर सवाल पूछा गया था लेकिन पिछले 12 साल में विपक्ष भी मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा पाया है। विश्व के 36 देशों ने पीएम मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान दिया है। 2012 में तवांग गया था, तो भारत की तरफ 300 किमी कच्ची सड़कें थीं क्योंकि तत्कालीन सरकार डरती थी कि पक्की सड़क से चीन अंदर न आ जाए। लेकिन 2014 के बाद आज वहां फोर लेन सड़कें और एयरबेस हैं। यह नया भारत है जो दुश्मन से आंख मिलाता है।
हिम्मत है तो इस्तीफा दें राहुल गांधी, केरल-तमिलनाडु में भी चुनाव इसी आयोग ने करवाया था- नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा की विधिवत पूजा अर्चना कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने पत्रकारों से बात की और कहा कि अराजकतावादी मानसिकता के लोग हैं जिन्हें केवल समाज में द्वेष घोलना आता है। अगर ऐसा ही था, तो केरल में भी चुनाव इसी चुनाव आयोग ने कराया था। तमिलनाडु में, जहां ये पीछे से सत्ता में पहुंचे हैं, वहां का चुनाव भी इसी चुनाव आयोग ने कराया था। अगर हिम्मत है, तो राहुल गांधी को पहले अपना इस्तीफा देना चाहिए।
नितिन नवीन ने कहा कि जिस प्रकार का खेल ये खेल रहे हैं, वो देश की जनता देख रही है। घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं। जो लोग अलग-अलग जगहों से आकर भारत के लोगों का हक मार रहे हैं, उन्हें हक दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। भारत के संसाधनों, संपदा और भूमि पर घुसपैठियों का हक नहीं होने देंगे। विदेशी मानसिकता से लोगों को यहां बसाने के प्रयास के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी हमेशा लड़ेगी।
हम बिहार से हैं, काशी आना हमारी परंपरा
नितिन नवीन ने पत्रकारों से कहा कि बाबा की नगरी में आकर हर भक्त और हर व्यक्ति अपने आपको नतमस्तक करता है। हम लोग बिहार से हैं और काशी आना हमारी परंपरा में है। आज और पहले भी अनेक बार बाबा का आशीर्वाद लेने काशी विश्वनाथ की इस नगरी में आने का मौका मिला है। पिछले दिनों काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का जो भव्य निर्माण और पुनर्निर्माण हुआ है वो प्रत्येक श्रद्धालु को अच्छा लगता है। बाबा के भक्तों के लिए दर्शन अद्भुत होता है। इसके लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हैं। सनातनियों की आस्था के केंद्र को बहुत ही भव्य और अलग आकृति दी है।