जमानिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने बेतरतीब ढंग से खड़े दोपहिया वाहनों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल ने मंगलवार को अभियान चलाया।
इस दौरान नौ बाइकों के स्वामियों पर जुर्माना लगाया। आरपीएफ के जवान अरुण कुमार सिंह ने स्टेशन परिसर के बाहर खड़ी नौ बाइकों को जंजीर से बांध दिया और सभी वाहन स्वामियों पर जुर्माना लगाया।
ये सभी वाहन नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े थे, जिससे ट्रेन पकड़ने आने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही थी। ये वाहन मुख्य द्वार के सामने अव्यवस्थित तरीके से खड़े थे। आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि स्टेशन परिसर में यातायात नियमों का से पालन करें।
अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही खड़ा करें ताकि यात्रियों को सुविधाजनक और सुरक्षित माहौल मिल सके। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक एमपी दूबे ने बताया कि जब तक संबंधित वाहन स्वामी जुर्माना दिलदारनगर आरपीएफ कार्यालय में जमा नहीं करते, तब तक उनकी बाइकें रिलीज नहीं की जाएंगी। यदि समय पर जुर्माना जमा नहीं किया गया तो वाहन मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।