मुहम्मदाबाद । अगस्त क्रांति के महानायक शहीद डॉ. शिवपूजन राय के पुत्र व कांग्रेस नेता दीनानाथ शास्त्री (84 वर्ष) का मंगलवार को दोपहर में वाराणसी में निधन हो गया। वह अपने दो पुत्रों ओमप्रकाश राय एवं अमर उजाला के वरिष्ठ उप संपादक अजय राय का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार वाराणसी स्थित हरिश्चंद्र घाट पर देर शाम किया गया। मुखाग्नि उनके छोटे पुत्र अजय राय ने दी। दीनानाथ शास्त्री गाजीपुर से लोकसभा एवं दिलदारनगर नगर क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। उनके निधन पर शहीद स्मारक समिति के सदस्य आनंद राय सांकृत, सच्चिदानंद राय, अनुज राय, जयानंद राय, पूर्व प्रधान जयप्रकाश राय, वीरेंद्र राय, विजयशंकर राय, पूर्व ब्लाक प्रमुख रामायण सिंह यादव ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में जो रिक्तता आई है निकट भविष्य में उसकी भरपाई संभव नहीं है।