मुहम्मदाबाद। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष शमीम अहमद ने कहा है कि नगर के संक्रमितों को पालिका परिषद की ओर से मुफ्त में मेडिकल किट बांटी जाएगी। वह मंगलवार को परिषद के सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि 17 मई को नगर पालिका बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार नगर क्षेत्र के सभी कोविड संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मेडिकल किट नि:शुल्क दी जाएगी। कहा कि पालिका के सभासद, टैक्स विभाग के कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है कि वह सभी वार्डों में ऐसे लोगों को चिह्नित करें, जिनमें संक्रमण के लक्षण हों, उनकी जांच कराई जाए। नगर में पॉजिटिव व्यक्ति की मृत्यु होने की दशा में पालिका पांच हजार रुपये अंत्येष्टि के लिए देगी। उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचाव के लिए सभी मुहल्लों को सनिटाइज कराया जा रहा है। शमीम अहमद ने लोगों से अपील की है कि चह किसी भी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसका जलप्रवाह न करें। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी यदुनाथ भी मौजूद थे।