समारोह में शपथ दिलाते मंत्री विजय मिश्रा
- फोटो : अमर उजाला
कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को नवनिर्मित अधिवक्ता हाल परिसर में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश के धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री विजय मिश्र ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को शपथ दिलाई।
इस मौके पर अधिवक्ताओं ने मुख्य अतिथि से समस्याओं के निराकरण और प्रथम तल पर हाल बनवाने की मांग की। साथ ही अधिवक्ताओं को पेंशन दिलाए जाने की भी मांग की गई। इस पर मुख्य अतिथि श्री मिश्र ने हाल निर्माण के लिए आश्वासन देते हुए कहा कि पेंशन के संबंध में जल्द ही प्रदेश मुखिया से मिलकर वार्ता की जाएगी।
प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में विकास के लिए कार्य कर रहीं है। विशिष्ट अतिथि बार काउंसिल के सदस्य अमरेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि सपा सरकार ने अधिवक्ताओं के हित में कई कार्य किया है। जल्द ही कुछ दिनों में नए अधिवक्ताओं को मानदेय मिलेगा। बार काउंसिल प्रयासरत है कि अधिवक्ताओं को पेंशन की घोषणा सरकार द्वारा की जाए। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि पिता के वादे को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। जल्द ही अधिवक्ता हाल परिसर के बाहर गेट का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
इससे पूर्व अधिवक्ताओं ने मुख्य अतिथि धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री विजय मिश्र, विशिष्ट अतिथि अमरेंद्र नाथ सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र यादव का माल्यार्पण कर स्वागत किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एडीएम आनंद कुमार शुक्ला, वंदोवस्त अधिकारी चकबंदी, वंशीधर कुशवाहा, मदन सिंह कुशवाहा, शशिकांत यादव, नवनिर्वाचित अध्यक्ष धनंजय सिंह, महासचिव गोपाल यादव, हवलदार सिंह, श्रीकांत तिवारी, वासुदेव चौबे, दशरथ यादव, भगवान सिंह कुशवाहा, अमरनाथ सिंह, एल्डर कमेटी के चेयरमैन अहमद जमाल जैदी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष चिरायु प्रसाद तथा संचालन अजय पाठक ने किया।