गाजीपुर। आने वाले दिनों में खाद वितरण को लेकर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी चल रही है। अब साधन सहकारी समितियों से खाद सबसे पहले सदस्यों को दी जाएगी। शासन के निर्देश पर सहकारी विभाग इस पर काम करना शुरू कर दिया है। विभाग की ओर से एक महीने तक 12 सितंबर से 12 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलेगा। इसके तहत जनपद में 40 हजार किसानों को साधन सहकारी समितियों का सदस्य बनाया जाएगा। एक समिति से लगभग 200 किसानों को जोड़ा जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पाने वाले किसानों को वरीयता के आधार पर जोड़ा जाएगा। अब तक की व्यवस्था में पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर किसानों को खाद का वितरण किया जाता रहा है। लेकिन, अब नई व्यवस्था लागू होने से समिति के सदस्य किसानों को सहूलियत मिलेगी। एक तरह से उनको खाद की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। जनपद में कुल 174 साधन सहकारी समितियां हैं। इनमें से 164 समितियां सक्रिय हैं।
तीन लाख से अधिक किसानों को दी गई खाद-गाजीपुर। वर्ष 2024 में एक अप्रैल से 31 अगस्त तक 30028.35 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया गया। इसमें सहकारी क्षेत्र के माध्यम से 4053.825 मीट्रिक टन व निजी क्षेत्र के माध्यम से 25974.523 मीट्रिक टन का 1 लाख 50 हजार 426 किसानों में वितरण किया गया। जबकि खरीफ वर्ष 2025 में सहकारिता 6963.57 मीट्रिक टन व निजी 28829.24 मीट्रिक टन का वितरण 3 लाख 41 हजार 131 किसानों में किया गया।
खाद वितरण को लेकर नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत अब समितियों के सदस्य किसानों को खाद वितरण में वरीयता दी जाएगी। - विपिन कुमार सिंह, एआर कोआपरेटिव