रेवतीपुर। ब्लाॅक के नवागत बीडीओ कौस्तुभ पाठक ने पदभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार की देर शाम विभिन्न अस्थायी गोआश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि पशुओं को ठंड से बचाने के लिए सभी तरह के जरूरी उपाय तत्काल प्रभाव से कर लिए जाएं। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जानवरों को पौष्टिक चारे व आहार, दवाएं, टीका आदि को लेकर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि शासन की विभिन्न परियोजनाओं को समय से पूरा किया जाए। इसके अलावा नवागत बीडीओ ने चलाए जा रहे विभिन्न तरह की योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पीएम, सीएम आवास के अतिरिक्त शौचालय, पेंशन, अमृत सरोवरों, पंचायत भवनों का निर्माण जल्द ही शीघ्र पूरा करने को कहा। इसमें निर्धारित मानक का पूरी तरह से ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कर्मचारियों को हिदायत दी कि समय से अपने कार्यालय उपस्थित रहे, जिससे विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए सुदूर गांव से आने वाले फरियादियों किसी अपरिहार्य परिस्थितियों का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर सचिव शशि प्रकाश राय, गौतम यादव, सचिव विनीत राय, शीश अहमद, शशिकांत यादव आदि मौजूद रहे।