मुहम्मदाबाद के गौसपुर स्थित राहुल सांस्कृत्यायन उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित समारोह में ?
- फोटो : GHAZIPUR
मुहम्मदाबाद। गौसपुर स्थित राहुल सांकृत्यायन उच्च प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को विमोचन समारोह आयोजित किया गया। इसमें लोक कवि, रेडियो गीतकार एवं खप्पर बाबा के शिष्य गिरिजा प्रसाद मस्ताना की पुस्तक ‘कृपांश कवच’ का विमोचन मुख्य अतिथि श्रीकांत पांडेय एवं विशिष्ट अतिथि शहीद के पुत्र जितेंद्र ने किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि श्री पांडेय ने कहा कि मार्क्स ने जिस समाजवादी समाज की स्थापना की बात कही है, उससे मैं सहमत हूं लेकिन आज मार्क्स के समाजवाद से भिन्न नए समाजवाद की आवश्यकता है, जो वर्तमान परिवेश एवं परिस्थितियों के अनुकूल हो।
विशिष्ट अतिथि शहीद पुत्र जितेंद्र ने गिरजा प्रसाद को केंद्रित करते हुए प्रतिभाओं के सम्मान को अहम बताया। उपन्यासकार रामअवतार ने कहा कि लेखक ने अपने व्यक्तित्व से सांस्कृतिक परिवेश का निर्माण किया है। मोहन प्रधान ने मस्ताना की काल जीविता को रेखांकित किया। डा. ऋचा राय ने ‘कृपांश कवच’ पुस्तक को संत साहित्य की अमूल्य निधि करार दिया। कहा कि पुस्तक में संत, सूफी दर्शन के साथ हिंदी, उर्दू एवं भोजपुरी की व्यापक संवेदनाएं एक साथ सुरक्षित हैं। उन्होंने जातीय संगठनों की संकीर्णता से उबरने की दिशा में ऐसे आयोजनों को उपयोगी बताया। नाट्य निर्देशक रामजी ने मस्ताना के व्यक्तित्व को चलता फिरता रंगमंच और उनके गीतों में प्रयुक्त लोक शब्दों को भोजपुरी अध्ययन में उपयोगी बताया। परमानंद यादव ने लेखनी की सराहना की। डा. बद्रीनाथ सिंह ने समकालीन राजनीति एवं ज्वलंत मुद्दों पर विचार रखा। गिरिजा प्रसाद को साहित्यकारों ने सम्मानित किया। बिरहा गायक सूबेदार यादव, रामाश्रय कुशवाहा, गौरीशंकर राजभर ने कवि द्वारा रचित गीत गाकर समा बांध दिया। इस मौके पर युवा रचनाकार माधवकृष्ण, पूर्व ग्राम प्रधान लल्लन राय, अधिवक्ता शेषनाथ राय, पारसनाथ यादव, हरिनारायण, शंकरदयाल राय, भरत सिंह यादव, महेंद्र यादव, अचलानंद राय, रामविलास यादव, चंदा यादव, जगदीश, समीर अहमद आदि उपस्थित थे। संचालन कार्यक्रम संयोजक रामनगीना कुशवाहा ने किया।