सादात। समता पीजी कॉलेज मे निर्माणाधीन एनसीसी के छात्रों के लिए फ़ायरिंग रेंज पटल । संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
एनसीसी 89 यूपी बटालियन की यूनिट समता पीजी कालेज में फायरिग रेंज और बापू इंटर कालेज में आप्टिकल कोर्स (ट्रेनिग सेंटर) का निर्माण कराया जा रहा है। यहां फायरिंग रेंज का निर्माण होने के बाद कैडेट निशानेबाजी का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। स्थानीय समता इंटर कालेज एवं समता पीजी कॉलेज और बापू इंटर कालेज मे एनसीसी के प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। इन कालेजों से प्रति वर्ष सैकड़ो छात्र प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। अभी तक इन कालेजों पर फायरिंग का अभ्यास करने के लिए फायरिंग रेंज पटल और आप्टिकल कोर्स की व्यवस्था नहीं थी। समता पीजी कालेज के प्रबंधक इंजीनियर सभाजीत सिंह ने बताया कि कालेज से सटे मैदान में 25 फीट ऊंचा और 20 फीट चौड़ा फायरिंग रेंज पटल का निर्माण कराया जा रहा है। इस पर लगभग तीन लाख की लागत आने की उम्मीद है। इसका थोड़ा कार्य ही पूरा हुआ है। बरसात से अभी कार्य अवरुद्ध है। इन दोनों कालेजो पर यह सुविधा होने से छात्रों को लाभ मिल सकेगा। अब ट्रेनिंग के लिए छात्रों को वाराणसी या अन्य स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एनसीसी के कमांडिग आफिसर कर्नल सुगातो सेन ने बताया कि सादात के तीन विद्यालयों समता पीजी कालेज, समता इंटर कालेज व बापू इंटर कालेज मे एनसीसी यूनिट हैं। इन संस्थाओं से ढाई सौ से ज्यादा छात्र छात्राएं प्रतिवर्ष प्रतिभाग करते हैं। इतनी बड़ी संख्या में कैडैटों को ट्रेनिग के लिए हमेशा वाराणसी सहित अन्य जगहों पर जाना होता था। कैडैटों के हितों को ध्यान मे रखते हुए ट्रेनिग सेंटर का निर्माण किया जा रहा हैं। समता पीजी कालेज के एनसीसी शिक्षक लेफ्टिनेंट डॉ. अशोक कुमार कुशवाहा ने बताया कि विभाग के निर्देश पर महाविद्यालय परिसर मे एनसीसी कैडैटों के लिए फायरिग रेंज का निर्माण प्रगति पर हैं, जो डेढ़-दो महीनों मे पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि कैडेट राइफल से सटीक निशाना लगाने की कला मे पारंगत हो जाएंगे।