मा. विद्यालयों में शुरू हुआ नए सत्र में नया सवेरा कार्यक्रम
पठन-पाठन के माहौल को बेहतर बनाने पर दिया जाएगा बल
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने और छात्र-छात्राओं को अभिप्रेरित करने के उद्देश्य से नए सत्र में नया सवेरा नामक एक अभिनव कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके क्रियान्वयन के लिए सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को बोर्ड की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के उप सचिव ने बताया कि प्रथम चरण में यह कार्यक्रम राजकीय और ऐडेड माध्यमिक विद्यालयों में संचालित किया जाएगा। छात्र-छात्राओं को समय-समय पर अभिप्रेरित करने के लिए शिक्षा विभाग की तरफ से नए सत्र में नया सवेरा कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम के तहत सत्र की शुरुआत से ही विद्यालयों में पठन-पाठन के माहौल को बेहतर बनाने पर बल दिया जाएगा।
इसके तहत सप्ताह में दो दिन जिला विद्यालय निरीक्षक एवं अन्य शिक्षाधिकारी विद्यालयों की प्रात: कालीन सभा में उपस्थित रहेंगे। अपनी उपस्थिति के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक बच्चों से प्रेरणादायक संवाद करेंगे। उप सचिव ने बताया कि विद्यालयों में प्रात: कालीन सभा के दौरान विद्यालय के पुरा मेधावी छात्र-छात्राओं को भी भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। ये छात्र भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बन सकेंगे।
विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी होंगे आमंत्रित
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों के अलावा उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा राजनीति, कला, विज्ञान, चिकित्सा, व्यवसाय तथा सेना आदि क्षेत्रों में उच्च पदस्थ अधिकारियों को भी प्रेरणादायक संबोधन के लिए आमंत्रित किया जाएगा। विद्यालयों में प्रात: कालीन सभा स्थल पर प्रेरणादायक संस्मरण, बदलते परिवेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कैरियर का चुनाव, अनुशासित दिनचर्या, नियमित अध्ययन का महत्व और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से लाभ विषयों पर चर्चाएं की जा सकेगी।
0000
0000 कोट 0000
नई शिक्षा नीति के तहत सभी छात्रों को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने के लिए उनकी प्रतिभा के अनुसार उनके उन्नयन के लिए यह कार्यक्रम बेहद प्रभावी एवं उपयोगी है।- अशोकनाथ तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक