जिले के मां कामाख्या धाम में वासंतिक नवरात्र के पहले दिन दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। वासंतिक नवरात्र के पहले दिन मंगलवार को मां शैलपुत्री के दरबार में भक्तों ने मत्था टेका। शक्ति स्वरूपा का दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। गहमर के मां कामाख्या धाम सहित कई देवी मंदिरों में भक्त जुटे रहे। मंदिर परिसर में सजी पूजन सामग्री की दुकानों से नारियल, चुनरी, फूल-माला की खरीदारी कर मां के चरणों में अर्पित किया और मन्नतें मांगी। शहर के मिश्रबाजार स्थित मां काली मंदिर सहित कई अन्य दुर्गा मंदिरों में जगतजननी के पूजन-अर्चन की दिन भर धूम मची रही। मंदिरों में देवी गीतों और भक्तों द्वारा मां का जयकारा लगाने से आसपास का माहौल पूरे दिन देवीमय बना रहा। देवी भक्तों ने घरों में कलश स्थापित कर शेरावाली की आराधना की। देवी मंदिरों में भी दिन भर भक्त पहुंचते रहे। शहर के हमीद सेतु स्थित काली मंदिर और नवाबगंज स्थित मां शीतला माता मंदिर पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर उनसे मंगल की कामना की। उधर, ग्रामीण इलाकों में भी भक्तों ने देवी मंदिरों में माता की पूजा अर्चना की और नारियल, चुनरी चढ़ा कर मनोकामना पूरी करने की मन्नते मांगी। सेवराई : जिले के गहमर स्थित प्रसिद्ध मां कामाख्या धाम पर सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का क्रम शुरु हो गया था। यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। भक्तों ने मंदिर परिसर में सजी पूजा सामग्री की दुकानों से नारियल, चुनरी, फूल-माला की खरीदारी कर मां के चरणों में अर्पित किया और मन्नतें मांगी। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। इसी तरह रेवतीपुर स्थित मां भगवती, करीमुद्दीनपुर स्थित कष्टहरणी भवानी, मुहम्मदाबाद तहसील स्थित मनोकामना देवी, अमवा की सती मइया, सैदपुर स्थित मां काली मंदिर, देवकली के चकेरी धाम स्थित दुर्गा मंदिर, शादियाबाद स्थित टड़वा भवानी, बहादुरगंज स्थित मां चंडी, दिलदारनगर स्टेशन स्थित सायर माता, सादात स्थित मां काली, मतसा कसबा स्थित दुर्गा मंदिर, सादात के माहपुर स्थित काली मंदिर में दर्शन पूजन किया गया।