शहर के मिश्रबाजार में नवरात्र के अवसर पर चुनरी की खरीदारी करती महिलाएं।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। चैत्र नवरात्र की शुरुआत मंगलवार से हो रही है। नौ दिनों तक भक्त मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना करेंगे। प्रसिद्ध मां कामाख्या धाम पर उमड़ेगी भक्तों की भीड़ उमड़ेगी तो वहीं घरों में कलश की स्थापना कर भक्त व्रत की शुरुआत करेेंगे। नवरात्र को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है। पूर्व संध्या पर सोमवार को श्रद्धालुओं ने कलश सहित पूजन से संबंधित विभिन्न सामग्रियों की खरीदारी की। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित दुर्गा मंदिरों पर भक्त पहुंचकर मां के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। नवरात्र पर अधिकांश लोग व्रत भी रखते है। बड़ी संख्या में भक्त ऐसे भी हैं, जो पूरे नौ दिनों तक व्रत रखकर मां की आराधना करेंगे। नवरात्र के मौके पर गहमर स्थित मां कामाख्या धाम पर नौ दिनों तक जिले सहित आसपास के अन्य जिलों के लोग मां का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचते है। पूरे नवरात्र में हवन-पूजन का कार्य होता है। भक्तों की भीड़ को देखते हुए यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा अन्य देवी मंदिरों में भी नौ दिनों तक शक्ति की आराधना की धूम रहेगी।