गाजीपुर। त्योहारों का मौसम आते ही बाजार में खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी विशेषकर गृहिणियों की चिंता बढ़ा दी है। हाल यह है कि एक महीने में सरसों के तेल के दाम 20 रुपये बढ़ गए हैं।
खाद्य तेल, दाल के साथ ही सब्जी के दामों में बढ़ोतरी से रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। उनका कहना है कि महंगाई की मार से मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के सामने रोजमर्रा के खर्चों को संभालना मुश्किल हो रहा है।महंगाई ने रसोई का स्वाद फीका कर दिया है जिससे गृहणियां भी परेशान हैं। उनको रुपये खर्च करने से पहले कई बार सोचना पड़ रहा है। ऐसे में ज्यादातर महिलाएं खाद्य सामग्रियों की मात्रा कम कर दे रही हैं।
बाजार में सरसों के तेल की कीमत एक माह पहले 180 रुपये किलो थी, जो अब 200 रुपये प्रति किलो हो गई है। इसी प्रकार इस माह अरहर दाल के दाम में 20 रुपये की वृद्धि हुई है जो 150 तक पहुंच गई है। चना दाल 90 से बढ़कर 110 तथा चना 80 से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो के भाव बिक्री किया जा रहा है। कमोवेश इसी तरह की स्थिति सब्जियों की भी है। प्याज की कीमतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। फुटकर बाजार में प्याज 60 रुपये प्रति किलो तथा टमाटर 40 रुपये किलो के भाव बिक रहा है। इसी प्रकार फूल गोभी 40 से 50, नेनुआ 40, लौकी 30 से 40, नया आलू 50, मूली 40 रुपये प्रति किलो है।
चीतनाथ की गृहिणी सुषमा एवं महाजन टोली की मोना ने बताया कि कमरतोड़ महंगाई ने घर चलाना मुश्किल कर दिया है। इस पर कोई लगाम नहीं लगाया जा रहा है। महंगाई के कारण घट का बजट प्रभावित हो रहा है। संवाद