भीमापार। सादात थाना क्षेत्र के बरहपार भोजूराय में सोमवार की दोपहर 12 बजे पति ने अवैध संबंध के शक में पत्नी के सिर पर कैंची और ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी घर के बाहर बैठा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया। बरहपार भोजूराय निवासी हत्यारोपी पत्तू पाल सूरत में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह तीन दिन पूर्व घर आया था। दोपहर 12 बजे किसी बात को लेकर पत्नी बिंदा देवी (30) से कहासुनी करने लगा। देखते ही देखते उसने पत्नी के सिर पर ईंट एवं कैंची से प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बाहर खेलने गया छोटा पुत्र विशाल जब घर पहुंचा तो मां को लहूलुहान देखकर बिलखने लगा। उसकी आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। जबकि हत्यारोपी पति घर के दरवाजे पर बैठा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस के साथ ही एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी भी घटनास्थल पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली। पूछताछ में छोटे पुत्र ने पुलिस को बताया कि पिता ने ही मां से झगड़ा करने के बाद उसके सिर पर ईंट और कैंची से प्रहार कर हत्या कर दी है मृतका के भाई डढ़वल निवासी भाई सत्यनारायण पाल की तहरीर पर हत्यारोपी पति के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या की बात स्वीकार की है। मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर आरोपी का चालान कर दिया गया।