मरदह। थाना क्षेत्र के हरकरनपुर मठिया में रविवार की देर शाम दीवार की रंगाई-पुताई को लेकर दो पड़ोसियों में हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद एवं एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर दो को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरु कर दी है। मृतका के पति अनिल राजभर ने पुलिस को बताया कि बीते 18 अप्रैल की शाम दीवार की पुताई को लेकर पड़ोसी बाबूराम, कमलेश, चमेली, उर्मिला देवी, रीता ने पत्नी गीता (28) को गाली-गलौज देना शुरु कर दिया। मना करने पर इन लोगों ने मिलकर लाठी-डंडे से मारपीट शुरु कर दी। इस घटना में पीड़ित अनिल राजभर, पत्नी गीता एवं उसके पिता को काफी चोटें आई। महिला के सिर पर गंभीर चोट आने पर उपचार के लिए पीएचसी लाया गया जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लेकर पहुंचने पर डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। एसपी डा. ओपी सिंह ने बताया कि दो पड़ोसियों में दीवार की रंगाई-पुताई को लेकर झगड़ा हुआ था। मारपीट में गीता देवी के सिर पर चोट लगने से अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के पति की तहरीर पर छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ शुरु कर दी है।