गाजीपुर। नगर पालिका प्रशासन की ओर से मंगलवार को नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानदारों की ओर टिनशेड लगाकर किए गए कब्जे को हटाया गया। साथ ही ठेले और खोंमचे हटवाए गए। इससे पूर्व माइक से अतिक्रमण हटाने की मुनादी भी कराई गई। शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क की पटरियों एवं नालों पर अतिक्रमण किया गया है। इसको हटाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सभी दुकानदारों को चेतावनी दी थी। करीब 15 दिन पूर्व चलाए गए अभियान के तहत चेताया भी गया था। दूसरी बार नगर पालिका प्रशासन की टीम ने महुआबाग से लालदरवाजा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई थी।