गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस में दो दिन शेष हैं। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन ने शहर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों की साफ-सफाई के साथ रंगाई-पोताई का कार्य शुरू कर दिया है। यहीं नहीं कलेक्ट्रेट, रायफल क्लब, तहसील और नवनिर्मित तीन सौ बेड के अस्पताल झालरों से सजने के साथ शाम होते ही रोशनी से जगमगा रहे हैं। वहीं सड़कों के किनारे बिजली के खंभों को भी झालरों से सजाया जा रहा है। इसकी रोशनी लोगों को आकर्षित कर रही है।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से विकास भवन चौराहे पर स्थापित झरने में विशेष कलाकृति लगाई गई है। सफेद रंग के इस कलाकृति को देख लोग मंत्रमुग्ध हो जा रहे हैं। इस चौराहे पर लगा झरना लंबे समय से खराब था। नगर पालिका परिषद के प्रभारी ईओ और एसडीएम लोकेश कुमार सिंह ने इसका निरीक्षण कर दुरुस्त करने के साथ कलाकृति लगाने का निर्देश दिया था। वहीं पीरनगर के पास स्थापित डा. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा की साफ-सफाई कराने के साथ स्थल की रंगाई- पोताई का काम किया गया है। इसके अलावा अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई के साथ स्थलों की रंगाई- पोताई कराई जा रही है। एसडीएम और प्रभारी ईओ लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व चौराहाें को दुरुस्त करा दिया जाएगा। महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ- सफाई के साथ स्थलों पर रंगाई- पोताई का काम चल रहा है। झालर लगाने का भी काम हो रहा है।
स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की हुई सफाई
गाजीपुर। भाजपा सदर मंडल पश्चिमी के ग्राम छावनी लाइन स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हीरा कुशवाहा, बबेडी़ स्थित अशर्फिया देवी तथा डिलिया में शहीद पतिराम पाल की प्रतिमा एवं परिसर की साफ-सफाई सोमवार को की गई। भाजपा के जिला मंत्री सुरेश बिंद, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा एवं मंडल अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में यह कार्य किया गया। इस दौरान मंडल महामंत्री मुरली कुशवाहा, पंकज विश्वकर्मा, अनुराग प्रजापति, बुद्धिराम बिंद, मनोज कुशवाहा, अशोक कुशवाहा और धनंजय बिंद आदि ने भाग लिया।