गाजीपुर। नगर पालिका ईओ अमिता वरुण शुक्रवार को शहर के झंडातर मोहल्ले में पहुंची। उन्होंने नाले पर अतिक्रमण किए गए स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मकान खाली कराने के लिए मुनादी कराई गई। चेतावनी दी गई कि 24 घंटे में अतिक्रमण हटा लें, नहीं तो शनिवार से नगर पालिका कार्रवाई शुरू कर देगी। पालिका का दावा है कि दुर्गा पूजा से पहले अतिक्रमण खाली करा लिया जाएगा। वहीं मकान खाली कराने को लेकर संबंधित लोगों से नोटिस पर हस्ताक्षर कराया गया।
नगर के झंडातर मोहल्ले में नाले पर अतिक्रमण है। इसके कारण मुहल्ले व क्षेत्रवासियों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होने पर नाले से पानी निकल नहीं पा रहा है, बल्कि डेढ़ से दो फीट तक सड़क पर पानी इकट्ठा हो जा रहा है। यह मामला काफी दिनों से सुर्खियों में बना हुआ है। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। सुबह करीब 11 बजे नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी अतिक्रमण स्थल पर खुद पहुंचीं। नाले पर जहां-जहां अतिक्रमण था, उसका निरीक्षण उन्होंने किया। नगर पालिका कर्मियों की ओर से उनको अतिक्रमण किए गए स्थानों से अवगत कराया गया। वहीं मौके पर मौजूद नगर पालिका कर्मियों की ओर से संबंधित लोगों के अतिक्रमण को हटाने को लेकर नोटिस पर हस्ताक्षर कराया गया। कुल छह लोगों से नोटिस पर हस्ताक्षर कराया गया। साथ माइक व लाउडस्पीकर के जरिए अतिक्रमण हटाने संबंधित मुनादी कराई गई। नगर पालिका प्रशासन का यह एक्शन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
नाले पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस भेजा गया है। 24 घंटे में कब्जा खाली करने का निर्देश दिया गया है। आगे की कार्रवाई हाईकोर्ट के निर्देश के क्रम में की जाएगी। अमिता वरुण, ईओ, नगर पालिका