इस मामले में प्रवीण कुमार उपाध्याय की तहरीर पर दोनों हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी। शहर कोतवाली पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। सुखदेवपुर तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान टीम ने आरोपी जोगामुसाहिब निवासी अमित राय और आयुष राय को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी अमित राय ने वर्ष 2016 में प्रवीण कुमार उपाध्याय के पिता की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में भांवरकोल थाने में प्राथमिकी दर्ज है। गिरफ्तार अमित राय करीमुद्दीनपुर थाने का शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, छिनैती व गैंगेस्टर सहित करीब 26 मामले दर्ज हैं। बिहार प्रांत में भी उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है।
शहर के अष्टभुजी कॉलोनी निवासी प्रवीण उपाध्याय को जान से मारने की नियत से फायरिंग करने का आरोपी करीमुद्दीनपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर अमित राय और आयुष राय को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई की जा रही है। - डॉ. राकेश मिश्रा, एसपी सिटी
अमित पर करीमुद्दीनपुर थाने में दर्ज हैं सिर्फ 12 मामले
एसपी सिटी ने बताया कि करीमुद्दीन थाने का हिस्ट्रीशीटर अमित राय पर विभिन्न धाराओं में 26 मामले दर्ज हैं। इसके ऊपर 12 संगीन धाराओं में मामले सिर्फ करीमुद्दीनपुर थाने में दर्ज हैं। वहीं, शहर कोतवाली में चार, नोनहरा में एक, सुहवल दो, भांवरकोल में चार, मरदह में एक, अयोध्या के रौनाही थाने में एक, मुहम्मदाबाद में एक के अलावा अन्य थानों में संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।