नौ एवं दस मुहर्रम को रोजा रखते हैं। इसको लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। जिले के शिया बहुल इलाकों में मुहर्रम के मद्देनजर ताजियों, इमाम बारगाहों एवं इमाम चौक आदि की साफ-सफाई प्रारंभ कर रंग-रोगन किया जा रहा है। आज से इस्तकबाल-ए-अजा की मजलिसों का दौर शुरु हो जाएगा।
इसको लेकर ओलमा एवं जाकरीन ने मजलिस पढ़ने की तैयारी प्रारंभ कर दिया है। मसाएबे-कर्बला एवं हदीस का पुनर्अध्ययन कर रहे हैं। कुछ ओलमा एवं जाकरीन दूर-दराज के कस्बों एवं गांव में जिक्रे अहलेबैत या मजलिस पढ़ने के लिए पहले से ही तय किए जा रहे हैं।
वरिष्ठ ओलमा एवं जाकरीन की डिमांड अधिक है। मुहर्रम को लेकर कई नगर पंचायतों, कस्बों और गांवों में साफ-सफाई प्रारंभ करा दी गई है। जुलूस के लिए पारंपरिक रास्तों की साफ-सफाई के साथ ही कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रत्येक कोतवाली और थानों में मुहर्रम के मद्देनजर ताजियादारों की बैठक कर मुहर्रम सकुशल संपन्न कराने की कवायद की जा रही है।
पुलिस पीस कमेटी की बैठक कर इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की कवायद में लगी है। पीस कमेटी की बैठकों में जिम्मेदार नागरिकों से यह अपील की जा रही है कि वह आगे इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में अपनी भूमिका अदा करें।