लखनऊ में सांसद अफजाल अंसारी के मकान को कुर्क की कार्रवाई करती गाजीपुर पुलिस।संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी की लखनऊ स्थित बेनामी अचल संपत्ति को जनपद पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुनादी कराकर कुर्क कर लिया। इसका बाजार मूल्य 12 करोड़ 50 लाख रुपये है। गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई इस कार्रवाई से समर्थकों एवं अन्य लोगों में खलबली है। मुहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस टीम ने 17 अक्तूबर को एसपी रोहन पी बोत्रे को आख्या रिपोर्ट दी थी। इस पर उन्होंने संस्तुति दी थी। डीएम आर्यका अखौरी ने 23 अक्तूबर को कुर्की का आदेश दिया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को लखनऊ के जिलाधिकारी ने कुर्की का आदेश दिया। इधर लखनऊ पहुंची जनपद पुलिस टीम ने डालीबाग मुहल्ला तिलक मार्ग राममोहन राय वार्ड नंबर 15 जोन एक नियर बटलरगंज एक्सटेंशन बंधा स्थित सांसद की पत्नी फरहत अंसारी के नाम से दर्ज भू- संपत्ति पर बने भवन को कुर्क कर लिया। इसका बाजार मूल्य 12 करोड़ 50 लाख रुपये आंका गया है। इस संबंध में एसपी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि अवैध ढंग से अर्जित किए गए धन से सांसद अफजाल अंसारी ने अपनी पत्नी फरहत अंसारी के नाम से दर्ज भू- संपत्ति पर भवन एवं चहारदीवारी बनवाई है। गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की की कार्रवाई लखनऊ में जनपद पुलिस द्वारा की गई है। सांसद अफजाल अंसारी के खिलाफ विभिन्न थानों में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक सांसद के खिलाफ मुहम्मदाबाद, नगर कोतवाली, मुहम्मदाबाद में गैंगस्टर, नोनहरा, भांवरकोल एवं चंदौली के चकरघंटा थाने में मुकदमा दर्ज है। जनपद पुलिस द्वारा लगातार सांसद की भू-संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की जा रही है।