गाजीपुर। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी
लाल कंछल पर हुए प्राणघातक हमले को लेकर व्यापारियों में जबरदस्त गुस्सा
है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर
11 दिसंबर को प्रदेश बंद के आह्वान
पर गाजीपुर में भी ऐतिहासिक बंदी की जाएगी। इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन की
रूपरेखा तैयार कर ली गई है। ये बातें उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल
के जिलाध्यक्ष अबू फकर खां ने पत्रकार वार्ता में दी।
सोमवार को शहर के
रोडवेज स्थित एक मैरेज हाल में उन्होंने आंदोलन के बाबत जानकारी दी। बताया
कि प्रदेश बंद के आह्वान के क्रम में 9 दिसंबर को जिले के सभी तहसील
मुख्यालयों और नगर पालिकाओं में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। 10 दिसंबर को नगर
और तहसील क्षेत्र के बाजारों में व्यापारी एकजुट होकर पदयात्राएं
निकालेंगे।
11 दिसंबर को जिला बंद कर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। 14 दिसंबर को
प्रांतीय कार्य समिति की लखनऊ में आयोजित बैठक में आंदोलन की
अगली रणनीति
तैयार की जाएगी। पत्रकार वार्ता के दौरान जिला महामंत्री प्रकाश केसरी,
राकेश कुमार अग्रवाल, राजेंद्र वर्मा, मो. अनस सीमू, जवाहर लाल वर्मा,
पप्पू गाजी, अब्दुल फैजान, संतोष कुमार जायसवाल आदि मौजूद थे।