सदर कोतवाली क्षेत्र के बक्सूपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम के सामने शनिवार की भोर में संदिग्ध अवस्था में एक युवक का शव सड़क पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने नर्सिंगहोम के चिकित्सक दंपती सहित पांच लोगों के खिलाफ लूट और उसकी हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रेवतीपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी आनंदी यादव गोरखपुर में जलनिगम में तैनात हैं। अपनी पत्नी सुदामी देवी के पेट का आपरेशन कराने के लिए उसने 14 अप्रैल को शहर के बक्सूपुर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। शनिवार की रात उसका पुत्र राजेश यादव (25) तथा उसकी बहन बसंती देवी एवं भतीजा संदीप अस्पताल में मां की देखरेख के लिए थे। भोर में तीन बजे घरवालों ने राजेश को नहीं देखा तो उसे खोजने के लिए नर्सिंगहोम से बाहर निकले तो देखा कि गाजीपुर-जमानिया मार्ग पर राजेश मृत अवस्था में पड़ा था।
यह देख परिवार में रोनाधोना मच गया, गुस्साए लोग हंगामा करने लगे। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। तब तक पकड़ी गांव के दर्जनों ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। कोतवाली पहुंचे युवक के पिता एवं बहन बसंती देवी का आरोप है कि रात में मरीज को ग्लूकोज चढ़ रहा था। बोतल खाली खत्म होने पर राजेश ने कर्मचारियों से उसे बदलने को कहा तो स्टाफ ने उसकी बात अनसुना कर दी।
इस पर वह चिकित्सक दंपती के पास चला गया और ग्लूकोज की बोतल बदलवाने को कहा। आरोप है कि इस पर डाक्टर दंपती दुर्व्यवहार करते हुए उसे मारने-पीटने लगे। पिता का आरोप है कि डाक्टर, उनकी पत्नी और तीन कर्मचारियों ने मिलकर उनके पुत्र को मारा। जिससे उसकी मौत हो गई।
इतना ही नहीं उसकी जेब में रखे 50 हजार रुपये निकालकर उसका शव नर्सिंगहोम के सामने सड़क पर फेंक दिया। इस दौरान किसी वाहन ने उसके पैर को रौंद दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने डा. राजेश सिंह एवं उनकी पत्नी अनुपमा सिंह सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या और लूट का नामजद मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ने बताया कि पूछताछ की जा रही है।