खानपुर। थाने की पुलिस ने बुधवार की सुबह दहेज हत्या के आरोपी मां-बेटे को घर से गिरफ्तार कर लिया। संबंधित धाराओं में उनको चालान कर जेल भेज दिया गया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। थाना क्षेत्र के गोरखा गांव निवासी निर्भय चौबे की पत्नी लकी चौबे (20) की बीते रविवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतका के भाई शिवम चौबे ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए दहेज हत्या का आरोप लगाया था इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। भाई ने सास, पति, देवर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी थी। पोस्टमार्टम में विवाहिता की गला दबने से मौत की पुष्टि होने पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह ने बताया बुधवार की सुबह आरोपी मां-बेटे को घर से गिरफ्तार कर लिया। संबंधित धाराओं में चालान कर उन्हें जेल भेज गिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।