गाजीपुर। जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत अभी भी 6 हजार 34 आवासों का निर्माण अधूरा है। हालांकि ग्राम्य विकास अभिकरण विभाग का दावा है कि अगले वर्ष मार्च तक अधूरे आवासों का निर्माण कार्य हर-हाल में पूरा कर लिया जाएगा।गांवों में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले गरीबों प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना का लाभ दिया जाना है। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2023-24 में कुल 80 हजार 274 को लाभ देने का निर्णय लिया गया। प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कार्य होना तय है। योजना के तहत एक आवास के निर्माण में 1.20 लाख रुपये खर्च हो रहा है, जिसे अलग-अलग किश्तों में संबंधित लाभार्थी के बैंक खाते में विभाग की ओर से भेजा जाता है। आंकड़ों पर नजर करें तो लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 74 हजार 240 आवासों का निर्माण कार्य पूरा हुआ है। लेकिन, 31 मार्च तक सभी आवास हर हाल में पूर्ण हो जाने हैं। हालांकि, जनपद के 16 ब्लाक क्षेत्रों में अब तक 6 हजार 34 आवासों का निर्माण नहीं हो पाए हैं। पड़ताल करने पर यह बात सामने आई कि कासिमाबाद ब्लाक क्षेत्र में सबसे अधिक 1 हजार 377 आवासों का निर्माण कार्य अधूरा है। जबकि सादात ब्लाक क्षेत्र में सबसे कम 87 आवासों का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इस संबंध में पूछे जाने पर ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक राजेश सिंह यादव ने बताया कि अधूरे आवासाें का निर्माण कार्य अगले वर्ष मार्च से पहले तक पूरा कर लिया जाएगा।