गाजीपुर एअर फील्ड की रक्षा भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए रक्षा संपदा और सेना की टीम की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को बिराइच और इनरवा गांव में 100 से ज्यादा से अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। गाजीपुर एअर फील्ड की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को लेकर रक्षा संपदा और सेना की टीम की ओर से सर्वेक्षण कर जमीन चिह्नित की जा रही थी। कई जगहों पर जमीन की मार्किंग कर उस पर पिलर लगाकर उसे कब्जे में लिया जा रहा है। बीते 24 जून तक अतिक्रमण करने वालों को जमीन खाली करने के लिए नोटिस दिया गया था। इस क्रम में टीम की ओर से बुधवार से शुरु किए गए अभियान के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को बिराइच और इनरवा गांव में टीम पहुंची। नामित मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार विजयकांत पांडेय की देखरेख में उप मंडल अधिकारी रंजीत कुमार एवं उप मंडल अधिकारी अंकित यादव की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने का कार्रवाई शुरु हुई।