गाजीपुर। मानसून सिर पर है। इसके बावजूद बिजली निगम की ओर से पेड़ों की छंटाई का कार्य शुरू नहीं किया गया है। जनपद के विभिन्न हिस्सों में बिजली का खुला तार पेड़ों की टहनियों से चिपका नजर आ रहा है। ऐसे में बारिश के मौसम में हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 20 जून से पहले तक जनपद में मानसून की एंट्री की संभावना है। ऐसे में अब मुश्किल से गिनती के 17 दिन ही शेष रह गए हैं। दूसरी तरफ जनपद के विभिन्न इलाकों में बिजली के खुले तार पेड़ों की टहनियों व पत्तों से लिपटे हुए नजर आ रहे हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि मानसून आने तक बिजली निगम खुले तारों से लिपटी टहनियों की कटाई-छंटाई का कार्य कैसे पूरा कर पाएगा।
जबकि नियमानुसार प्रतिवर्ष मानसून आने से पहले तक खुले तारों से लिपटी पेड़ों की टहनियों और शाखाओं की कटाई-छंटाई का कार्य हो जाता था लेकिन इस बार ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है। बिजली निगम की उदासीनता से लोग चिंतित हैं।