जमानिया। इंडियन आयल कॉरपोरेशन लिमिटेड अगि नशमन विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने आपातकालीन स्थितियों से निपटने एवं ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन मंगलवार को क्षेत्र के दरौली गांव में किया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में विस्तार से मॉक ड्रिल के बारे में जानकारी दी गई। डेमो के तौर पर पहले इंडियल आयल की टीम ने पूरा सेटअप लगाया। इसके बाद आग लगाई गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय कोतवाली में दी। इस पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और सड़क के दोनों तरफ आवागमन को रोक दिया। पुलिस ने मुगलसराय स्थित इंडियल आयल और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। इस पर दोनों टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरु की गई। दमकल की टीम ने प्रभारी मोहनदास गुप्ता के नेतृत्व में स्थानीय दमकल के साथ मिल कर आग बुझाया। इसके बाद मौजूद भीड़ को टीम आयोजन स्थल ले गई और गोष्ठी कर सभी को मॉक ड्रिल के बारे में जानकारी दी। बीकेपीएल कंपनी के प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र से अत्यधिक ज्वलनशील एवं उच्च दबाव की पेट्रोलियम पाइप लाइन गुजर रही है। अगर किसी को पाइप लाइन के ऊपर गीली सतह या डीजल पेट्रोल केरोसिन आदि की गंध या आग लगने का आभास होता है तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस सहित उपलब्ध कराए गए टोल-फ्री नंबरों पर दें। कहा कि उस स्थान से दूर रहें जिस क्षेत्र के आसपास आग या चिंगारी न पहुंचे इसका ध्यान रखें। तेल जांच का प्रयास न करें तेल संग्रह करने का प्रयास न करें। किसी को भ्रमित न करें आतंकित न हों और न ही अफवाह फैलाएं। इस दौरान अन्य विभाग के लोगों ने भी विभिन्न जानकारी दी। इस अवसर पर बीकेपीएल के स्टेशन प्रभारी धर्मेंद्र खन्ना शिवम दीक्षित आकाश कुमार एके त्रिपाठी आरबी यादव इंद्रलाल भारती परमानंद दूबे रविकांत सिंह कोमल कुशवाहा रामअवतार यादव हरशिंकर रामदयाल सियाराम महेंद्र कुशवाहा रामकृपाल आदि मौजूद थे।