गाजीपुर। संक्रमण से ग्रामीण इलाकों के लोगों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ठोस कदम उठाना शुरु कर दिया है। इसके लिए 80 मोबाइल टीम गठित की गई है, जो गांव-गांव पहुंचेगी। प्रत्येक ब्लाक पर पांच-पांच टीम तैनात होगी। टीम ग्रामीणों की आरटीपीसीआर और एंटीजन जांच करेगी। दो दिन में यह टीम सक्रिय हो जाएगी। इसको लेकर सूचीबद्ध तरीके से जहां ड्यूटी लगा दी गई है। वहीं ब्लाकवार तैनाती की सूची भी जारी कर दी गई है। जिले में संक्रमितों के बढ़ रहे आंकड़ें एवं मौत ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाकों में संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए शासन के निर्देश पर तैयारियां भी लगभग पूर्ण कर ली गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के 16 ब्लाकों के प्रत्येक गांव के लोगों को आसानी से जांच की सुविधा मिल सके। इसके लिए 80 मोबाइल टीम गठित की गई है। इसमें पांच-पांच टीम की तैनाती प्रत्येक ब्लाक पर होगी। टीम के सदस्यों द्वारा गांव में पहुंचकर जहां कैंप किया जाएगा। वहीं प्रत्येक ग्रामीणों की कोविड-19 की जांच की जाएगी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें लक्षण के मुताबिक होम आइसोलेट एवं गंभीर लक्षण मिलने पर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा, जिससे समय से उनको उपचार मिल सके। ब्लाकवार गठित प्रत्येक मोबाइल टीम में तीन स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती होगी। इसमें एक एलटी, एक सहायक और एक अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद होगा। एलटी और उनके सहयोगी द्वारा जहां ग्रामीणों की एंटीजन एवं आरटीपीसीआर कराई जाएगी। वहीं तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी द्वारा जांच से पूर्व ग्रामीणों का डाटा आनलाइल पोर्टल पर अपलोड करने का काम किया जाएगा, जिससे रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें ट्रेस करने में किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
0कोट
प्रत्येक ब्लाक पर पांच मोबाइल टीम तैनात होगी। जिले में 16 ब्लाक के मद्देनजर 80 टीम गठित की गई है। एक टीम में एक एलटी सहित तीन स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है। एक से दो दिन में मोबाइल टीम सक्रिय हो जाएगी- डा. उमेश कुमार, नोडल कोविड-19